पंडरिया विधायक और शक्कर कारखाना के एमडी का कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने किया पुतला दहन

कवर्धा- पंडरिया स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना में रिकवरी की राशि और शक्कर घोटाला के आरोप में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज शहर के सिग्नल चौक पर प्रशासन और कारखाना प्रबंधन का पुतला दहन किया।‌ इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर छीना-झपटी हुई। बावजूद इसके कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने न केवल पुतला दहन किया बल्कि जमकर कारखाना प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नीलकंठ चंद्रवंशी ने पंडरिया विधायक और कारखाना के एमडी पर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों की मिलीभगत से कारखाना में जमकर भ्रष्टाचार किया है और 72 करोड़ किसानों का भुगतान होना बाकी है जिसका भुगतान किया जाए और जिन श्रमिकों को निकाला गया है उन्हें पुनः नियमित करने की मांग की।

वहीं युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आकाश केशरवानी ने कहा कि जिले में कवर्धा विधायक और पंडरिया विधायक के बीच गुटबाजी चल रही है जिसके चलते आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कोमल साहू के मामले में कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद एसाईटी गठन के बाद भी आज तक उसका कुछ पता नहीं चला है और पंडरिया विधायक ने इसे विधानसभा में भी उठाया था। इसके अलावा राम्हेपुर में शुगर फैक्ट्री में किसानों की राशि जारी की जा रही है लेकिन पंडरिया में किसानों के लिए रुपए जारी नहीं कर रहे हैं। मतलब साफ है कि दोनों विधायक एक दुसरे से कुश्ती लड़ रहे हैं और जनता से इन्हें कोई सरोकार नहीं है।

इस खबर को शेयर करें

You cannot copy content of this page